अर्जुन झा—–
*मोंगरापाल, बस्तर।* युवा कांग्रेसी आदिवासी नेता हेमंत कश्यप ने बस्तर विधानसभा के अंतर्गत ग्राम पंचायत मोंगरापाल में ग्रामीणों के आर्थिक सशक्तिकरण एवं युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को केंद्र में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की। आज SIR योजना (स्वावलंबी इंडिया रजिस्ट्रेशन / SIR) के तहत ग्राम के कुल 187 ग्रामीणों का पंजीकरण फार्म भरवाया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, युवाओं तथा माताओं–बहनों को SIR योजना के लाभ, पात्रता, उद्देश्य एवं इससे प्राप्त होने वाले भविष्य के आर्थिक और रोजगार संबंधी अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से जुड़कर आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बन सके।
हेमंत कश्यप ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल योजना का प्रचार नहीं, बल्कि हर ग्रामीण तक योजना का वास्तविक लाभ पहुँचाना है। पात्र व्यक्तियों को मार्गदर्शन, आवश्यक दस्तावेजों में सहायता और संपूर्ण पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करवाना हमारी प्राथमिकता है।”
उन्होंने आगे कहा कि समय पर जानकारी न मिलने के कारण ग्रामीण और श्रमिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं, इसलिए युवा कांग्रेस का यह सतत प्रयास रहेगा कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचे, पंजीयन एवं कागजी प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग दिया जाए और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो।
