अर्जुन झा=
*जगदलपुर।* अबूझमाड़ क्षेत्र से सटे कोसलनार गांव में बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी पहुंचे। यह आजादी के बाद पहली बार है जब इस अति दुर्गम गांव में कोई विधायक पहुंचा हो।
विधायक के साथ ग्रामीणों की मुलाकात हुई। इस दौरान बड़ेकरका, कोसलनार-1, कोसलनार-2 और मंगनार पंचायत के कुरसिंगबाहर गांव के ग्रामीणों ने विधायक विक्रम मंडावी को बताया कि इन गांवों को जोड़ने वाली करीब 12 किलोमीटर लंबी सड़क नहीं थी। अस्पताल, स्कूल, बाजार जाने में भारी परेशानी होती थी। ग्रामीणों ने कई दफे कलेक्टर, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सड़क बनाने की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। आखिरकार तीनों पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीणों ने खुद आगे आकर श्रमदान का संकल्प लिया और बिना किसी सरकारी मदद के मिट्टी-मुरुम की 12 किमी सड़क तैयार कर दी। अब आवागमन में काफी राहत मिल रही है। ग्रामीणों ने विधायक से मांग की कि इस सड़क का डामरीकरण किया जाए। साथ ही गांवों में बिजली, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पूर्ण स्कूल, सामुदायिक भवन, हैंडपंप, बोरिंग आदि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। श्रमदान से बनी सड़क और ग्रामीणों के हौसले को देखकर विधायक विक्रम मंडावी भावुक हो उठे। उन्होंने कहा- ग्रामीणों के जज्बे और मेहनत की जितनी प्रशंसा की जाए कम है। इसके साथ ही विधायक विक्रम मंडावी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को जल्द पूरा किया जाएगा। ज्ञात हो कि दंतेवाड़ा जिले की सीमा से लगे बारसूर क्षेत्र के ये गांव लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहे हैं। नक्सली गतिविधियों में कमी आने के बाद भी प्रशासन का ध्यान इस ओर नहीं गया था। ग्रामीणों ने खुद की मेहनत से जो मिसाल कायम की है, उसकी क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।
*बच्ची को लिया गोद में*
विधायक विक्रम मंडावी अपने निर्वाचन क्षेत्र के ग्रामीणों से बेहद प्यार करते हैं, उन्हें भरपूर सम्मान देते हैं। खासकर बच्चों के प्रति श्री मंडावी कुछ ज्यादा ही लगाव रखते हैं। वे जहां भी जाते हैं, बच्चों को प्यार दुलार देते हैं, गोद में ले लेते हैं। कोसलनार गांव में भी विधायक विक्रम मंडावी का बाल प्रेम देखने को मिला। उन्होंने अपनी मां के साथ आई एक बच्ची को गोद में उठा लिया और काफी देर तक उसे गोद में लेकर चलते रहे। विधायक के इस अंदाज ने ग्रामीणों का दिल जीत लिया।
