*रायपुर।* प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर चल रही राजनीतिक हलचल के बीच प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट 24 नवंबर को रायपुर पहुंचने वाले हैं। इस मुद्दे पर कांग्रेस की बैठकों और समीक्षा पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि विपक्ष बिना आधार के भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है।
साव ने आरोप लगाया कि बिहार में भी कांग्रेस ने SIR को लेकर चुनावी माहौल गर्म किया था और वोट चोरी के आरोप लगाए थे, लेकिन जनता ने उसे स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं है, यह वर्षों से लागू है और कांग्रेस जनसमर्थन खोने के बाद अब भ्रम फैलाकर सहानुभूति हासिल करने की कोशिश कर रही है। साव का कहना है कि जैसे बिहार में जनता ने जवाब दिया, वैसे ही अन्य राज्यों में भी होगा।
**रायपुर में अंतरराष्ट्रीय वनडे से उत्साह**
उपमुख्यमंत्री ने 3 दिसंबर को रायपुर में होने वाले भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे को लेकर भी उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर क्रिकेट प्रेमियों की मौजूदगी के बीच यह मैच होना राज्य के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मुकाबला छत्तीसगढ़ के लिए एक यादगार अवसर बनेगा।
**18 ठिकानों पर रेड—साव का बयान**
प्रदेश में आबकारी और DMF घोटाले से जुड़े मामलों में ACB–EOW द्वारा करीब 18 स्थानों पर की गई कार्रवाई पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन मामलों की जांच पहले से प्रगति पर थी। उन्होंने बताया कि जो कदम उठाए जा रहे हैं, वे जांच एजेंसियों के निष्कर्षों के आधार पर हैं और प्रक्रिया नियमों अनुसार आगे बढ़ रही है।
**डीजी कॉन्फ्रेंस को लेकर तैयारियां**
साव ने बताया कि इस वर्ष डीजी कॉन्फ्रेंस के लिए केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को मेजबानी दी है। देशभर के शीर्ष पुलिस अधिकारी एक ही मंच पर रणनीति और आगामी सुरक्षा दृष्टिकोण पर चर्चा करेंगे। उन्होंने इसे राज्य के लिए महत्वूर्ण और ऐतिहासिक आयोजन बताया।
