अर्जुन झा =
*जगदलपुर।* युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान ने बस्तर जिला भाजपा की नई कार्यकारिणी को वर्ग विशेषवाद से प्रेरित बताते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि पार्टी के अन्य समाजों के कर्मठ कार्यकर्ताओं की राजनीतिक हत्या कर दी गई है।
युकां नेता जावेद खान ने भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे को भाजपा का सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास नारा याद दिलाते हुए पूछा है जो पार्टी अपने ही संगठन के भीतर सबको साथ लेकर सबका विकास नहीं करते हुए सब पर विश्वास नहीं कर रही है वो क्या आम जनता के लिए सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास जीतेगी? जिला अध्यक्ष बताएं कि क्या उन्हें सभी समाजों ताल्लुक रखने वाले भाजपाई कार्यकर्ताओं का साथ नहीं मिल रहा या फिर उन्हें सभी समाज से आने वाले भाजपाई कार्यकर्ताओं पर विश्वास नहीं रहा? क्योंकि बस्तर जिला भाजपा की नई कार्यकारिणी में सामाजिक प्रतिनिधित्व एवं सामाजिक समरसता दूर-दूर तक नहीं दिखाई दे रही है। पूरी कार्यकारिणी में वर्ग विशेष का दबदबा साफ दिखाई पड़ रहा है। जावेद ने कहा है कि भाजपा की असली विचारधारा सिर्फ और सिर्फ एक विशेष वर्ग को फलने-फूलने का अवसर देती है। इस विचारधारा को समय-समय पर भाजपा स्वयं प्रदर्शित करती रहती है। इसका जीता-जागता प्रमाण भाजपा ने अपनी नई कार्यकारिणी से स्वयं पुनः जाहिर कर दिया है। कार्यकारिणी में विभिन्न समाजों के कार्यकर्ताओं को स्थान तक नहीं दिया गया है।भाजपा की नवीन जिला कार्यकारिणी की सूची में नजर डाली जाए तो साफ दिखाई देता है कि जिला अध्यक्ष सहित ज्यादातर ब्राह्मण समाज के नेताओं को स्थान देकर सिक्ख, मुस्लिम, ईसाई, जैन, महेश्वरी, क्षत्रिय, सिंधी, बौद्ध, मिथिला जैसे अनेक समाजों के कर्मठ और वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं की राजनीतिक हत्या एवं उनके राजनीतिक शोषण को दर्शाता है। जावेद ने कहा कि कहीं न कहीं आज भाजपा की इस नवीन सूची को देखकर उन भाजपाई कार्यकर्ताओं को निराशा हाथ लगी होगी, जिन्हें विशेष वर्ग से नहीं होने के चलते वंचित किया गया।
