रायपुर, 20 नवंबर। राजधानी के कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर सतनामी बस्ती में 18 नवंबर को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां मात्र 2 साल 7 महीने के प्रशांत सेन की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्चे की मां रेशमी ताम्रकार और सौतेले पिता आकिब खान को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अपराध क्रमांक 239/2025 के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब एम्स अस्पताल से कंट्रोल रूम को *मर्ग सूचना* भेजी गई। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा बनाया। डॉक्टरों की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृत्यु को *अननेचुरल* बताया गया, जिसके बाद हत्या की आशंका और मजबूत हो गई और पुलिस ने मामले को हत्या की धाराओं में दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जानकारी मिली कि आरोपी महिला और उसका साथी लगभग 15 दिनों से मासूम को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चे को बोझ समझते थे और उसे अक्सर बेरहमी से मारते-पीटते थे।
घटना वाले दिन भी बच्चे को बुरी तरह पीटा गया। पुलिस के अनुसार, मारपीट की वजह से उसकी नाक, छाती और पेट में गंभीर आंतरिक चोटें आईं, जिनसे उसकी मौत हो गई। साक्ष्यों, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम विवरण के आधार पर पुलिस ने निष्कर्ष निकाला कि बच्चे की हत्या आकिब खान ने की, और मां रेशमी ताम्रकार ने घटना को छुपाने में उसका साथ दिया।
दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस अमानवीय घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है, क्योंकि जहां बच्चे को सबसे सुरक्षित होना चाहिए था—वहीं उसकी जिंदगी बेरहमी से छीन ली गई।
