**रायपुर।** छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026 के नियमित विद्यार्थियों के लिए प्रायोगिक परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। आदेश अनुसार, सभी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में प्रैक्टिकल परीक्षाएँ **1 जनवरी से 20 जनवरी 2026** के बीच आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं में *आंतरिक एवं बाहरी दोनों परीक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य* होगी।
मंडल ने सभी प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित 20 दिनों की अवधि के भीतर प्रायोगिक परीक्षाओं को पूर्ण करने के लिए उपयुक्त टाइम-टेबल तैयार किया जाए, ताकि सभी विषयों की परीक्षाएँ समय पर संपन्न हो सकें।
प्रैक्टिकल परीक्षा के बाद अंकों की ऑनलाइन एंट्री और शील्ड पेपर जमा करने की अंतिम तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी। वहीं, प्रायोगिक परीक्षाएँ समाप्त होते ही माशिमं बोर्ड वार्षिक परीक्षा 2026 की विस्तृत समय-सारणी भी जारी करेगा।
