**रायपुर।** राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में आयोजित *जनजातीय गौरव दिवस* कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। सरगुजा में उनका यह दूसरा दौरा है। उल्लेखनीय है कि लगभग 70 वर्ष पूर्व देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने अविभाजित सरगुजा के पंडोनगर (सूरजपुर) का दौरा किया था।
राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 11:20 बजे ओडिशा के झारसुगुड़ा से सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा गांधी स्टेडियम स्थित हेलीपैड पर उतरेंगी। इसके बाद वे सड़क मार्ग से 1.3 किमी की दूरी तय करते हुए पीजी कॉलेज मैदान पहुंचेंगी, जहां मुख्य समारोह आयोजित है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जुएल ओरांव, राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई गणमान्य उपस्थित रहेंगे।
समारोह में राष्ट्रपति *मुख्यमंत्री जनजातीय ग्राम अखरा विकास परियोजना* की शुरुआत करेंगी। इसके साथ ही जनजातीय नायकों, जनजातीय विद्रोह से जुड़े वीरों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मान प्रदान किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू दोपहर 12:40 बजे अंबिकापुर से वीर सुरेंद्र साय एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगी।
