**रायपुर**
छत्तीसगढ़–आंध्रप्रदेश बॉर्डर पर हुई बड़ी मुठभेड़ को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि सुकमा–कोंटा क्षेत्र से सटे आंध्रप्रदेश इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ सफल कार्रवाई की है। प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, इस ऑपरेशन में नक्सली संगठन को भारी क्षति पहुंची है और कई वांछित नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।
शर्मा ने कहा कि मिली जानकारी के मुताबिक कुख्यात सीसी मेंबर माड़वी हिडमा, उसकी पत्नी राजे और एसजेडसीएम टेक शंकर सहित कुल 6 नक्सलियों के ढेर होने की संभावना जताई जा रही है। उन्होंने इसे नक्सल विरोधी अभियान की अब तक की सबसे अहम उपलब्धियों में से एक बताया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार यह संदेश दे रही है कि नक्सली हिंसा का कोई भविष्य नहीं है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी नक्सलियों से हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।
गृह मंत्री शर्मा ने कहा, “सरकार पुनर्वास के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन इसके लिए हथियार छोड़ना अनिवार्य है। आज बस्तर बदल रहा है। वहां के युवा खुद आगे आकर कह रहे हैं कि ‘हमारा बस्तर, हम ही संभालेंगे।’”
उन्होंने फिर दोहराया कि जो भी नक्सली समाज में लौटना चाहता है, उसके लिए रास्ते खुले हैं। एक सूचना पर कॉरिडोर सुरक्षित कराया जा सकता है, लेकिन आत्मसमर्पण हथियारों के साथ ही स्वीकार किया जाएगा।
सीमा पर हुई यह कार्रवाई नक्सली संगठन को गहरी चोट देने वाली मानी जा रही है और सुरक्षा बलों के अभियान को नई गति प्रदान कर सकती है।
