रायपुर/सरगुजा।
उत्तरी छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ रही ठंड के बीच आग तापते समय लापरवाही दो महिलाओं की जान ले गई। सरगुजा के मैनपाट क्षेत्र में 65 वर्षीय वृद्धा चूल्हे में गिरकर गंभीर रूप से झुलस गई थी, लेकिन समय पर अस्पताल नहीं ले जाने से उसकी हालत बिगड़ती गई और मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना सूरजपुर जिले के जोबगा गांव में हुई, जहां हीटर के पास बैठी 35 वर्षीय महिला अचानक जलने से गंभीर रूप से झुलस गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर को मैनपाट थाना क्षेत्र के सुपलगा गांव में परमेश्वरी नायक (65) अपने घर के भीतर पति के साथ आग ताप रही थीं। कुछ समय बाद पति सोने चला गया और परमेश्वरी भी लेटने उठीं, तभी संतुलन बिगड़ने से वह चूल्हे में गिर गईं। पति ने तत्काल आग बुझाई, लेकिन उन्हें घर में ही जड़ी-बूटियों और घरेलू उपायों से इलाज करता रहा। करीब 14 दिनों तक हालत में सुधार न होने पर 15 नवंबर को उन्हें कमलेश्वरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहीं इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दूसरी घटना सूरजपुर जिले के जोबगा गांव की है। यहां लीला बरवा (35) घर में रात 8 बजे हीटर के पास आग ताप रही थीं। उसी समय उसका पति गांव में धान बेचने गया हुआ था। जब वह देर रात वापस लौटा, तो पत्नी को बुरी तरह झुलसा हुआ पाया। उसे तुरंत सूरजपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन 15 नवंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ठंड बढ़ते ही इस तरह के हादसे लगातार सामने आ रहे हैं, जिसके चलते प्रशासन ने सावधानी बरतने की अपील की है।
