रायपुर, 16 नवंबर।
भारतीय जनता पार्टी रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में चल रही एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन/विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को तेज़, सटीक और समयसीमा के भीतर पूरा करने के उद्देश्य से रविवार को एकात्म परिसर स्थित जिला भाजपा कार्यालय में व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य फोकस यह सुनिश्चित करना रहा कि एसआईआर कार्य में न तो लापरवाही हो और न ही किसी प्रकार की देरी।
बैठक में पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के मोर्चा–प्रकोष्ठ पदाधिकारी, पार्षद, छाया पार्षद, मंडल प्रभारी, शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक–सहसंयोजक, बूथ अध्यक्ष, पालक एवं सचिव (बीएलओ-2) सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
**मतदाता सूची की शुचिता सर्वोपरि—अग्रवाल**
भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। सही एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची ही पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव की बुनियाद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर में किसी भी प्रकार की चूक, लापरवाही या ढिलाई कतई स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक और बूथ अध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे घर–घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि कोई पात्र मतदाता छूट न जाए तथा अपात्र नाम सूची में न रहे। उन्होंने इस कार्य को ‘मिशन मोड’ में पूरा करने पर बल दिया।
**एसआईआर = बूथ विजय की नींव — मूणत**
रायपुर पश्चिम के विधायक और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि एसआईआर का सूक्ष्म और सही निष्पादन ही आगामी चुनावी सफलता की कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसे केवल आधिकारिक प्रक्रिया न मानते हुए अपनी राजनीतिक जिम्मेदारी और संगठन के प्रति समर्पण की भावना से पूरा करने की अपील की।
उन्होंने नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन—तीनों चरणों को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए कहा कि यहां किसी भी प्रकार की मानवीय त्रुटि की गुंजाइश नहीं है।
मूणत ने बैठक में वार्ड-वार प्रगति की समीक्षा की और शक्ति केंद्र प्रभारियों व बूथ अध्यक्षों से विस्तृत रिपोर्ट ली। उन्होंने कहा कि एसआईआर की नियमित मॉनिटरिंग होगी और हर पदाधिकारी अपने क्षेत्र के कार्य के लिए व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह रहेगा। सभी टीमों को तत्काल कार्य में तेजी लाने तथा समय सीमा का कठोरता से पालन करने के निर्देश दिए।
**संगठनात्मक क्षमता की परीक्षा—जिला अध्यक्ष**
रायपुर (शहर) जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया संगठन की कार्यकुशलता की वास्तविक परीक्षा है और इसे बिना देर किए पूर्ण करना अनिवार्य है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने इसे नागरिक जिम्मेदारी और पार्टी संकल्प दोनों बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित रहे।
बैठक में सभी वक्ताओं ने एक स्वर में एसआईआर कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसे शत-प्रतिशत सटीकता और बिना किसी ढिलाई के संपन्न करने का आह्वान किया।
