गरियाबंद, 15 नवंबर। जिले की पुलिस ने नशा तस्करी पर कड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 47.958 किलो गांजा, दो चार पहिया वाहन और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध गांजा, हीरा और वन्यजीव तस्करी पर रोक लगाने हेतु सभी थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था, जिसके तहत 14 नवंबर को छुरा थाना पुलिस को सूचना मिली कि सफेद रंग की तवेरा (सीजी 07 एम 4128) से दो व्यक्ति ओडिशा से गांजा लेकर कोसमी की ओर जा रहे हैं। पुलिस और साइबर सेल की टीम ने पीपराही मोड़ के पास नाकेबंदी कर वाहन को रोका, जिसमें बैठे दुर्ग निवासी आरोपी राजू रजक उर्फ झगर और दिलीप साहू के कब्जे से 38 पैकेट में भरा 29.408 किलो गांजा, दो मोबाइल, 1200 रुपये नकद और वाहन जब्त किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे यह गांजा ओडिशा से खरीदकर दुर्ग में बेचने ले जा रहे थे। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसी दिन फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में मेन गेट के पास वाहनों की चेकिंग के दौरान कार (सीजी 04 बी 0831) को रोककर तलाशी लेने पर रायपुर निवासी छम्मन साहू और भिलाई निवासी किशन निषाद के कब्जे से एक बोरी में रखा 18.550 किलो गांजा, दो मोबाइल और कार जब्त की गई। दोनों ने स्वीकार किया कि वे गांजा ओडिशा से दुर्ग सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने इनके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया है। दोनों मामलों में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है और पुलिस का नशा विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
—
