अर्जुन झा———
*जगदलपुर।* वन मंत्री केदार कश्यप अपने एक दिवसीय प्रवास पर सोमवार को हेलीकाप्टर के जरिए नारायणपुर जिले के ओरछा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में विकास की रफ्तार को गति देने वाले दर्जनों निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उन्होंने यह महत्वपूर्ण घोषणा की कि ओरछा में तेंदूपत्ता संग्रहण केंद्र की स्थापना की जाएगी।
यह केंद्र बस्तर की सांस्कृतिक विरासत, वन-संपदा और पारंपरिक तेंदूपत्ता संग्रहण की ऐतिहासिक प्रक्रिया को संरक्षित करने में अहम भूमिका निभाएगा। यह संग्रहालय स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं प्रशिक्षण के नए अवसर भी प्रदान करेगा। इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जनता की आवश्यकताओं को समझते हुए धरातल पर योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में नारायणपुर विकास के नए मार्ग पर आगे बढ़ेगा, जहां महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचेगा।उन्होंने बताया कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति और वन आधारित अर्थ व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्यरत है। तेंदूपत्ता समिति का गठन भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अपने प्रवास के दौरान मंत्री श्री कश्यप ने लखपति दीदी योजना की समीक्षा करते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

*पूरी की बेटियों की मांग*
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छात्राओं से मुलाकात के दौरान बच्चियों ने कोच की मांग मंत्री के समक्ष रखी। इस पर मंत्री श्री कश्यप ने तत्परता से संज्ञान लेते हुए कलेक्टर को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्किल डेवलपमेंट और ओरछा में प्लेसमेंट संबंधी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी व तेजी से संचालित करने पर जोर दिया, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।


