जांजगीर-चांपा, 26 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नवागढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर रेड कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गंगा सागर उर्फ ऋतिक पिता मनोहर बंजारे, निवासी थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 6 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1,200 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया तथा न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश शेन्डे, थाना प्रभारी नवागढ़ सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
