जांजगीर-चांपा, 26 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतमाला निर्माणाधीन फोर लेन रोड स्थित आरएचएसएस टोल प्लाजा के टीएलसी रूम से बैटरी चोरी करने वाले तीन आरोपियों को महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 6 नग बैटरियां तथा करीब 27,000 रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी आशीफ कुरैशी, निवासी बलौदा ने 25 फरवरी 2026 को थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि किलोमीटर 29+100 स्थित आरएचएसएस टोल प्लाजा के टीएलसी रूम का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने एमरॉन क्वेंटा कंपनी की 12 वोल्ट की 6 बैटरियां (कुल कीमत 27,000 रुपये) चोरी कर ली है।
रिपोर्ट के बाद बलौदा पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लिया। कड़ाई एवं वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी की गई बैटरियां जब्त कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
समीर पटेल (22 वर्ष)
उमेश सिंह कंवर उर्फ लच्छू (40 वर्ष)
सुनील कंवर (30 वर्ष)
सभी निवासी ग्राम चारपारा, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा।
आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक मुकेश यादव, गजाधर पाटनवर, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे, रज्जू टंडन, संदीप सोनंत, टिकेश्वर राठौर, प्रहलाद निर्मलकर एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
