रायपुर, 26 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी के रायपुर स्थित कटोरा तालाब इलाके में मंगलवार देर रात हवाई फायरिंग की घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक ब्यूटी पार्लर एवं स्पा सेंटर के बाहर हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 25 फरवरी की रात करीब 10 बजे दो युवक बंद हो चुके स्पा सेंटर पहुंचे और मसाज सेवा देने की जिद करने लगे। संचालिका द्वारा समय समाप्त होने की बात कहकर मना करने पर दोनों आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी शराब के नशे में थे और आक्रामक व्यवहार कर रहे थे।
इसी दौरान एक आरोपी ने अपने पास मौजूद लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायर कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के तुरंत बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय सूत्रों की मदद से महज दो घंटे के भीतर आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार पाण्डेय (46 वर्ष) निवासी शेखपुर, प्रतापगढ़ (उ.प्र.) और अंगद सिंह (33 वर्ष) निवासी आदर्श नगर, मोवा, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिस्टल और एक एयर गन बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, सुनील कुमार पाण्डेय निजी सुरक्षा अधिकारी के रूप में कार्यरत है, जबकि अंगद सिंह पेशे से ड्राइवर है। मामले में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
