राजनांदगांव, 26 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के राजनांदगांव पुलिस अंतर्गत सोमनी थाना पुलिस ने सराहनीय कार्यवाही करते हुए गुम हुए 13 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव के नेतृत्व में टीम लगातार सीआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइलों की तलाश में जुटी हुई थी।
तकनीकी सहायता से मिली सफलता
थाना सोमनी में दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और ट्रैकिंग के जरिए मोबाइल फोन ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 13 मोबाइल बरामद करने में सफलता मिली।
दिनांक 26 फरवरी 2026 को सभी प्रार्थियों को थाना बुलाकर आवश्यक तस्दीक के पश्चात उनके मोबाइल फोन वापस सौंप दिए गए। अपने गुम मोबाइल वापस पाकर प्रार्थियों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को गुम मोबाइल या अन्य सामान मिले तो उसका दुरुपयोग न करें और तत्काल निकटतम थाना में जमा करें, ताकि उसे उसके वास्तविक मालिक तक पहुँचाया जा सके।
