कांकेर, 26 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। बस्तर रेंज के कांकेर जिले में माओवादी संगठन को एक और झटका लगा है। कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडियद्म (माओवादी) की उत्तर बस्तर डिवीजन कमेटी से जुड़े तीन कैडरों ने पुलिस और सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है।
पुलिस के अनुसार, डीवीसीएम मल्लेश और पार्टी सदस्य रानू पोडियाम ने कांकेर पुलिस एवं बीएसएफ से संपर्क कर आत्मसमर्पण किया। दोनों से मिली जानकारी तथा समाज के वरिष्ठजनों और मीडिया के सहयोग से 25 फरवरी को एक अन्य महिला माओवादी कैडर मासे ने भी एके-47 राइफल के साथ आत्मसमर्पण कर दिया।
कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि इलाके में सक्रिय अन्य माओवादी कैडरों से संपर्क स्थापित कर उन्हें मुख्यधारा में शामिल करने के प्रयास लगातार जारी हैं।
वहीं बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पट्टलिंगम ने आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्र में सक्रिय अन्य माओवादियों से भी हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की अपील दोहराई। उन्होंने कहा कि आगे आने वाले कैडरों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, डीवीसीएम मल्लेश, रानू पोडियाम और मासे के सामाजिक पुन:एकीकरण तथा हथियारों की औपचारिक सुपुर्दगी की प्रक्रिया आगामी दिनों में पूर्ण की जाएगी।
