मुंगेली , 02 मार्च (दुर्ग भिलाई अपडेट)। नशा मुक्त भारत पखवाड़ा अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने सूखे नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत जरहागांव का पार्षद लोकेश उर्फ लक्की कश्यप भी शामिल है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाजÓ के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में थाना जरहागांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 1 मार्च को यह कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जरहागांव के श्मशान घाट के पास कुछ युवक अवैध मादक पदार्थ की बिक्री के लिए इक_ा हुए हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और पांचों आरोपियों को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.65 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 6 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3.81 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी समीर कश्यप ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के नैनी (प्रयागराज) से ब्राउन शुगर लाकर स्थानीय स्तर पर अपने साथियों के साथ इसकी बिक्री करता था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
इस मामले में थाना जरहागांव में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (ख) के तहत अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में समीर कश्यप, सियाराम कश्यप, विरेन्द्र श्रीवास, लोकेश उर्फ लक्की कश्यप और रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
