जांजगीर-चांपा, 02 मार्च (दुर्ग भिलाई अपडेट)। होली के रंगों में खलल डालने की किसी भी साजिश को नाकाम करने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिले के बलौदा क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने करीब 300 डरावने और भ्रामक मुखौटे जब्त कर बड़ी कार्रवाई की है। आशंका थी कि त्योहार के दौरान कुछ असामाजिक तत्व इन मुखौटों का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाकर हुड़दंग, मारपीट या अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम दे सकते हैं।
यह पूरी कार्रवाई जांजगीर-चांपा जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिलेभर में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
थाना बलौदा प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र की विभिन्न दुकानों में दबिश दी। जांच के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे मुखौटे बरामद किए गए, जो भय और भ्रम का माहौल पैदा कर सकते थे। पुलिस ने मौके पर ही इन्हें जब्त कर व्यापारियों को कड़ी चेतावनी दी कि होली के दौरान किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले सामान की बिक्री नहीं की जाएगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि त्योहार की आड़ में उपद्रव फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ होली मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
जिले में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ा दी गई है। साफ संकेत है कि इस बार रंगों के त्योहार में हुड़दंगियों की कोई गुंजाइश नहीं होगी—कानून तोडऩे वालों पर सीधी और सख्त कार्रवाई तय है।
