पलारी, 02 मार्च (दुर्ग भिलाई अपडेट। दतान रोड स्थित खेत में संचालित जुआ अड्डे पर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए छह जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके से 45,250 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, तीन बाइक, एक कार और पांच मोबाइल जब्त किए गए। कुल मिलाकर 5,57,250 रुपये मूल्य का सामान बरामद किया गया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
यह पूरी कार्रवाई थाना पलारी पुलिस ने समाधान सेल में प्राप्त पुख्ता सूचना के आधार पर की। जिले में आमजन की शिकायतों और आपराधिक गतिविधियों पर त्वरित नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में संचालित समाधान सेल लगातार प्रभावी साबित हो रही है। हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जुआ खेल रहे आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों में महेंद्र वर्मा, उम्र 36 वर्ष, निवासी गांधी चौक पलारी थाना पलारी; राजा धीरहे, उम्र 36 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 7 सतनाम चौक पलारी थाना पलारी; गुरुदत्त वर्मा, उम्र 67 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 6 पलारी थाना पलारी; शिवम वर्मा उर्फ कथरी, उम्र 34 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 12 शांति नगर पलारी थाना पलारी; अशोक धृतलहरे, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम बलौदी थाना पलारी; तथा लोकेश कन्नौजे, उम्र 35 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 01 गांधी चौक पलारी थाना पलारी शामिल हैं।
सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और समाधान सेल के माध्यम से मिल रही सूचनाओं के आधार पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
