कबीरधाम, 02 मार्च (दुर्ग भिलाई अपडेट)। कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई लूट की तीन घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक नाबालिग सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल समेत लूटा गया सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर राह चलते लोगों को डराकर व मारपीट कर लूट की घटनाएं सामने आई थीं। प्रारंभ में पीडि़त भय के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने से हिचकिचा रहे थे, लेकिन कुकदूर पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच तेज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल और अमित पटेल तथा एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह धनश्री के मार्गदर्शन में टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और लगातार पतासाजी के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
जांच में सामने आया कि 7 फरवरी को एक वाहन चालक से घाटी के पास 5 हजार रुपए की लूट की गई थी। वहीं 19 फरवरी को एक युवक को बहाने से ले जाकर उसकी मोटरसाइकिल छीन ली गई। इसके अलावा 26 फरवरी को एक अन्य युवक के साथ मारपीट कर मोबाइल, नगदी और मोटरसाइकिल की चाबी लूट ली गई थी। इन तीनों मामलों में थाना कुकदूर में अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को चिन्हित किया, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पहचान परेड की प्रक्रिया जारी होने के कारण आरोपियों के नाम फिलहाल सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
आरोपियों की निशानदेही पर तीनों घटनाओं में लूटा गया सामान बरामद कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें और भयभीत न हों। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हीरेंद्र प्रताप सिंह, मनोज तिवारी, संजू झारिया तथा आरक्षक अजय कांत तिवारी, संदीप पांडेय, दूज राम, पंचराम बघेल, रामकुमार पाटले, कृष्ण कुमार धुर्वे और ईश्वर चंद्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
