जगदलपुर/बस्तर, 02 मार्च (दुर्ग भिलाई अपडेट)। होली से पहले बस्तर में गुंडागर्दी दिखाने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। बस्तर पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए धारदार देसी बंडा चाकू लहराकर महिलाओं को धमकाने वाले युवक को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। मामला थाना बोधघाट क्षेत्र के तेतरकुटी इलाके का है।
पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में जिले में आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 फरवरी की रात तेतरकुटी पुजारीपारा पंचायत भवन के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपनी बहन से गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाली प्रेमलता बघेल जब बीच-बचाव करने बाहर निकलीं, तो आरोपी ने उन्हें भी मां-बहन की गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ में लिए देसी बंडा चाकू को लहराते हुए डराने लगा।
पीडि़ता की रिपोर्ट पर बोधघाट थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित दत्ताराव धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी को धर दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज झा (20 वर्ष) पिता स्वर्गीय भोला झा, निवासी गीदम नाका चौक तेतरकुटी छत्रपति शिवाजी वार्ड, थाना बोधघाट, जिला बस्तर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक गुप्ती नुमा देसी चाकू जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2) तथा आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में उप निरीक्षक सतीश श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक मायाराम कश्यप, पवन श्रीवास्तव तथा आरक्षक विजय तिर्की और रामकुमार ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बस्तर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। गुंडागर्दी, बदमाशी या किसी भी प्रकार की आपराधिक हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
