दुर्ग, 02 मार्च। (दुर्ग भिलाई अपडेट):होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। संवेदनशील और अड्डेबाजी प्रभावित क्षेत्रों की पूर्व मैपिंग के आधार पर रणनीतिक तैनाती करते हुए पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला और शहर में कड़ी निगरानी शुरू कर दी है।
प्रशासनिक अमला भी मैदान में
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित संयुक्त फ्लैग मार्च में कलेक्टर, अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल रहे। भीड़-भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में पैदल व वाहन मार्च कर आमजन में सुरक्षा का भरोसा जगाया गया।
900 पुलिसकर्मी और विशेष क्यूआरटी तैनात
जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 900 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन कर प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया है।
प्रमुख इलाकों में फ्लैग मार्च
पहली टीम ने पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-06 भिलाई से निकलकर रेल चौक, सेक्टर-09 तिराहा, मालवीय नगर, सुपेला चौक, खुर्सीपार और पुरानी भिलाई क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया।
दूसरी टीम ने पुलगांव चौक, भारती कॉलेज, महाराजा चौक, जेल तिराहा, राजेंद्र पार्क चौक और मोहन नगर-दुर्ग क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर स्थिति का जायजा लिया।
ड्रोन से आसमान से नजर, महिला पेट्रोलिंग भी सक्रिय
इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए पूरे शहर में ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। महिला और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पेट्रोलिंग टीम भी तैनात की गई है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने, अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना में देने की अपील की है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
