दुर्ग, 26 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा नशे पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 25 फरवरी 2026 को वैशाली नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8.640 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1,72,800 बताई जा रही है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(क्च) एवं 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर थाना वैशाली नगर एवं संयुक्त टीम ने जवाहर नगर स्थित शिव मंदिर के पास, शादी भवन के समीप घेराबंदी कर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 8.640 ग्राम हेरोइन, नगद राशि, 4 मोबाइल फोन तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में मादक पदार्थ की आपूर्ति श्रृंखला का खुलासा होने पर एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में शेखर राव (18 वर्ष) निवासी सुभाष चौक कैंप-1 भिलाई, कुंदन उर्फ कुम्बज वर्मा (27 वर्ष) निवासी सुभाष चौक कोऑपरेटिव के पास भिलाई, मोहम्मद सोहेल खान (28 वर्ष) निवासी संजय नगर आरडीए प्लॉट क्रमांक 242 थाना टिकरापारा रायपुर तथा हर्ष भट्टी निवासी शांति नगर भिलाई शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि होली के मद्देनजर अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।
