दुर्ग, 26 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अवैध गांजा बिक्री की तैयारी कर रहे एक आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति महामाया उद्यान धान खरीदी केंद्र के पास गांजा लेकर बिक्री के उद्देश्य से खड़ा है। सूचना मिलते ही थाना कुम्हारी पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुमित पटेल (32 वर्ष), निवासी डीएमसी तालाब के पास, मस्जिद के समीप, कुम्हारी बताया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से सफेद रंग के थैले में 1.318 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 70/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों की सक्रिय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अवैध मादक पदार्थ गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।
