बैंकॉक/सोंगखला, 13 फरवरी।( दुर्ग भिलाई अपडेट):थाईलैंड के दक्षिणी प्रांत सोंगखला में एक स्कूल परिसर में घुसे बंदूकधारी ने बुधवार को छात्रों और शिक्षकों को बंधक बना लिया। घटना में एक शिक्षक गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, सोंगखला के हट ये क्षेत्र में स्थित एक स्कूल में उस समय अफरातफरी मच गई जब हथियारबंद व्यक्ति क्लास खत्म होने से ठीक पहले परिसर में घुस आया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टैम्बोन पातोंग इलाके के पातोंग प्रथान खिरिवात स्कूल में हमलावर ने फायरिंग की और कुछ शिक्षकों व छात्रों को बंधक बना लिया।
विशेष बल ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही हट ये पुलिस स्टेशन की टीम और स्पेशल ऑपरेशन फोर्स मौके पर पहुंची। स्कूल को चारों ओर से घेर लिया गया और रेस्क्यू टीमों ने बच्चों व स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बंदूकधारी से बातचीत के लिए स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और समुदाय प्रतिनिधियों की मदद ली गई।
लोगों से की गई अपील
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लोगों से स्कूल और आसपास के क्षेत्र में न जाने की अपील की तथा केवल सरकारी और विश्वसनीय स्रोतों से ही जानकारी लेने को कहा।
करीब कई घंटे चले ऑपरेशन के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और हमले के पीछे की वजह की जांच जारी है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के संकेत दिए हैं।
