ढाका, 13 फरवरी।(दुर्ग भिलाई अपडेट):बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले आम चुनाव से ठीक पहले एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 11 फरवरी को मौलवीबाजार जिले के कमलगंज उपजिला स्थित एक चाय बागान से 28 वर्षीय हिंदू युवक रतन साहूकार का शव बरामद किया गया। घटना के बाद अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय में दहशत का माहौल व्याप्त है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रतन के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। सुबह करीब 10 बजे चंपारा चाय बागान में काम कर रहे लोगों ने शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था।
कमलगंज थाना प्रभारी अब्दुल अवाल ने मृतक की पहचान रतन साहूकार के रूप में की, जो उसी बागान में काम करता था और इस्लामपुर यूनियन क्षेत्र का निवासी था।
परिवार में मातम, हत्या की वजह स्पष्ट नहीं
परिजनों के अनुसार, रतन पिछली रात से लापता था। उसके बड़े भाई लक्ष्मण कर ने बताया कि परिवार पूरी रात उसकी तलाश करता रहा। सुबह सूचना मिलने पर वे बागान पहुंचे, जहां शव की पहचान की गई। परिवार अब भी हत्या की वजह को लेकर अनजान है।
चुनावी हिंसा से जोड़कर देखी जा रही घटना
स्थानीय लोगों में आशंका जताई जा रही है कि रतन की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को चाय बागान में फेंका गया। कुछ लोग इस घटना को चुनावी माहौल से जोड़कर भी देख रहे हैं, हालांकि अभी तक पुलिस को ऐसा कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मौलवीबाजार सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
इस घटना ने चुनाव से ठीक पहले क्षेत्र में तनाव और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
