ग्रीस, 05 फरवरी।(दुर्ग भिलाई अपडेट) :
ग्रीस के पूर्वी एजियन सागर में स्थित चियोस द्वीप के पास एक दर्दनाक समुद्री हादसा सामने आया है। अप्रवासियों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट की ग्रीक कोस्ट गार्ड की गश्ती नाव से टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है। घटना में कई लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
ग्रीक कोस्ट गार्ड के अनुसार, हादसे के बाद 24 लोगों को सुरक्षित बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें दो कोस्ट गार्ड अधिकारी भी घायल हुए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि स्पीडबोट में कुल कितने लोग सवार थे।
खोज और बचाव अभियान में चार गश्ती जहाज, एक हेलीकॉप्टर और गोताखोरों से लैस एक निजी नाव शामिल है।
मार्मिक दृश्य, जांच जारी
स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो में देखा गया कि एक व्यक्ति को कंबल में लपेटकर कोस्ट गार्ड की नाव से एंबुलेंस तक पहुंचाया गया, वहीं दो बच्चों को भी उपचार के लिए ले जाया गया। कोस्ट गार्ड ने कहा है कि टक्कर के कारणों और मृतकों की पहचान को लेकर जांच जारी है।
प्रवासन मार्ग पर बढ़ते जोखिम
गौरतलब है कि ग्रीस यूरोपीय संघ में प्रवेश का एक प्रमुख मार्ग माना जाता है, जहां युद्ध और गरीबी से भागकर लोग पहुंचने की कोशिश करते हैं। तेज समुद्र, असुरक्षित नावें और सख्त निगरानी के कारण इस रूट पर हादसे अक्सर होते रहते हैं।
पिछले कुछ वर्षों में यूरोपीय देशों ने माइग्रेशन नियम कड़े किए हैं—जिसमें डिपोर्टेशन तेज करना और हिरासत बढ़ाना शामिल है। इससे शरण (आसाइलम) मांगने वालों की संख्या में भी गिरावट देखी जा रही है।
