*दल्लीराजहरा।*(अर्जुन झा):भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा बालोद जिला अध्यक्ष श्याम जायसवाल ने भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन के मार्गदर्शन में पूर्व बालोद जिला मंत्री राजेश दसोड़े के साथ छत्तीसगढ़ सरकार के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन से मुलाकात कर बालोद जिले के दल्ली राजहरा, डौंडी और चिखलाकसा के आसपास के गांवों में जमीन चिह्नांकित कर दल्ली राजहरा को औद्योगिक क्षेत्र घोषित करने की मांग रखी है।
भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने दल्ली राजहरा और आसपास की पहाड़ियों में आयरन ओर की उपलब्धता का हवालादेते हुए इन क्षेत्रों के आसपास उद्योगों की स्थापना की आवश्यकता पर जोर दिया है। श्री जायसवाल ने मंत्री को बताया कि उद्योगों की स्थापना से जहां दल्ली राजहरा, महामाया, दुलकी आदि स्थानों का पुराना गौरव लौटेगा, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। श्याम जायसवाल ने कहा कि बालोद जिले में सबसे ज्यादा जनसंख्या नगर पालिका दल्लीराजहरा की है। साथ ही यहां बीएसपी सहित कई कंपनियां लौह अयस्क खनन का कार्य कर रही हैं। जिससे यहां सरकार की इन्फ्रास्ट्रक्चर पहले से मजबूत है। दल्लीराजहरा में रेल नेटवर्क व अच्छी सड़क है। साथ ही डौंडी ब्लॉक में ग्राम नर्राटोला में बीएसपी द्वारा पूर्व निर्मित 40 एकड़ का हवाई पट्टी भी है। जिसके विमानन मंत्रालय को हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है। भविष्य में विमान सेवा शुरू किए जाने पर वायुमार्ग कनेक्टिविटी भी हो जाएगी आसपास सैकड़ों गांव हैं। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए दल्लीराजहरा, चिखलाकसा, डौंडी के आस पास की जमीन चिह्नांकित कर औद्योगिक क्षेत्र घोषित करते हैं, तो निश्चित तौर पर यहां कई निजी उद्योग स्थापित होंगे जिससे हमारे युवाओं को रोजगार उपलब्ध होगा। रोजगार के लिए उन्हें अन्यत्र कहीं नहीं जाना पड़ेगा। उद्योग मंत्री लखन देवांगन ने इस प्रस्ताव पर विचार करने और उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया है।
