रायपुर, 05 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक रेल हादसे में ओडिशा के एक युवक की मौत हो गई। अभनपुर थाना क्षेत्र में चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश के दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जय राम मांझी (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के गोलाबंध गांव का निवासी था। जय राम रेलवे से जुड़ी परीक्षा में शामिल होने के लिए ओडिशा के बलांगीर से रायपुर आया था। उसका परीक्षा केंद्र कलिंग यूनिवर्सिटी में निर्धारित था।
बताया गया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद जय राम रायपुर रेलवे स्टेशन से टिकट लेकर अभनपुर जाने वाली ट्रेन में सवार हुआ था। जब ट्रेन सीबीडी रेलवे स्टेशन पहुंची, तब वह समय रहते नीचे नहीं उतर पाया। ट्रेन आगे बढ़ने पर उसने जल्दबाजी में उतरने का प्रयास किया, इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन से गिर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची अभनपुर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की जेब से मिले ट्रेन टिकट से उसकी यात्रा की पुष्टि हुई है।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के चाचा छबि लाल मांझी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को आवश्यक जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है और रेलवे अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं, पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। इस हादसे से परिवार में शोक का माहौल है।
