रायपुर, 5 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने फरार आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कानून से भाग रहे अपराधियों पर जोरदार शिकंजा कसा है। पश्चिम जोन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत बीते एक सप्ताह में कुल 162 वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जिससे पुलिस की सक्रियता का स्पष्ट संदेश गया है।
यह सघन अभियान पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री संदीप पटेल के निर्देशन में चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा एवं पश्चिम जोन के सहायक पुलिस आयुक्तों के नेतृत्व में कई थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई।
कई थाना क्षेत्रों में एकसाथ दबिश
अभियान के दौरान आज़ाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, आमानाका, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, टिकरापारा, राजेंद्र नगर और मुजगहन थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने फरार आरोपियों की धरपकड़ की। लंबे समय से न्यायालय के वारंटों से बच रहे वारंटियों को चिन्हित कर उनके ठिकानों पर दबिश दी गई।
टिकरापारा से सर्वाधिक गिरफ्तारी
थानावार आंकड़ों की बात करें तो टिकरापारा थाना क्षेत्र से सर्वाधिक 38 वारंटी गिरफ्तार किए गए। इसके अलावा आज़ाद चौक, सरस्वती नगर और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्रों में भी प्रभावी कार्रवाई दर्ज की गई। कुल मिलाकर 74 स्थायी वारंट और 88 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए।
गंभीर मामलों में थे शामिल आरोपी
पुलिस के अनुसार पकड़े गए वारंटी चोरी, लूट, मारपीट, नारकोटिक्स एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट सहित विभिन्न गंभीर अपराधों में वांछित थे। सभी आरोपियों को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।
अभियान रहेगा लगातार जारी
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि फरार आरोपियों के खिलाफ यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी। उद्देश्य स्पष्ट है—शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधियों में पुलिस का भय बनाए रखना।
