रायपुर | 5 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना खमतराई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध शराब का परिवहन कर रहे एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को 4 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेटल पार्क क्षेत्र की ओर एक व्यक्ति मोपेड से अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही थाना खमतराई की टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम बप्पी महतो, पिता धरनी महतो, उम्र 35 वर्ष, निवासी जागृति नगर बीरगांव, थाना उरला, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सफेद प्लास्टिक बोरी में रखी 63 पौवा देशी मदिरा (कुल 11.340 बल्क लीटर) बरामद की गई।
आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को भ्रमित करने का प्रयास करता रहा। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 6,300 रुपये मूल्य की अवैध शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस जूपिटर मोपेड (CG 04 PL 0928), जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 50,000 रुपये है, जप्त की। कुल जप्त सामग्री की कीमत लगभग 63,000 रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 78/26, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रायपुर शहर में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर कड़ी नजर रखी जा रही है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
