कोरबा, 05 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां कुछ ही पलों की लापरवाही चोर के लिए मौका बन गई। हालांकि पीड़ित की सतर्कता और ग्रामीणों की मदद से आरोपी को फिल्मी अंदाज में पकड़ लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, गेवरा खदान में कार्यरत एक युवक दोपहर करीब साढ़े तीन बजे ड्यूटी से लौट रहा था। देवरी रोड स्थित तेंदुकोना मोहल्ला पुल के पास वह पेशाब करने के लिए रुका और जल्दबाजी में बाइक की चाबी निकालना भूल गया। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और बांकीमोंगरा का रास्ता पूछने लगे। पीड़ित कुछ कदम आगे बढ़ा ही था कि उनमें से एक युवक उसकी बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया।
बाइक चोरी होते देख पीड़ित ने तुरंत चांदनी चौक निवासी अपने चाचा को फोन कर जानकारी दी। कुछ ही देर में जब चोर चांदनी चौक पहुंचा, तो उसे रोकने की कोशिश की गई। भागने के प्रयास में आरोपी ने एक युवती को टक्कर मार दी और दोबारा फरार होने लगा, लेकिन ग्रामीणों की मदद से शुक्लाखार के पास उसे दबोच लिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई बाइक के अलावा एक धारदार चाकू और विभिन्न वाहनों की 14 चाबियां बरामद की गईं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए थे, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पूर्व में वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।
