रायपुर | 05 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)
राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में फोटो कॉपी दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने शटर तोड़कर चोरी करने वाले एक कुख्यात और शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही चोरी के दर्जनभर से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सुनील मिश्रा ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला अभियोजन कार्यालय के पास उनकी प्रतिक्षा फोटो कॉपी दुकान में 02 और 03 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपी ने शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुसपैठ की और दराज में रखी नगदी रकम व एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने राजा तालाब, नई बस्ती निवासी मोहम्मद इजहान खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ₹1200 नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद इजहान खान एक कुख्यात शातिर चोर है, जो इससे पूर्व रायपुर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के एक दर्जन से अधिक मामलों में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण इस प्रकार है —
नाम: मोहम्मद इजहान खान
पिता: स्वर्गीय मुस्ताक खान
उम्र: 28 वर्ष
निवासी: ईएलसी चर्च के पास, राजा तालाब, नई बस्ती, थाना सिविल लाइन, रायपुर
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस सफलता से क्षेत्र के व्यापारियों में राहत का माहौल है और उन्होंने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
