*अर्जुन झा*
कोरबा, 05 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
एसईसीएल की मानिकपुर कोयला खदान में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की जान चली गई। प्रतिबंधित खदान क्षेत्र में प्रवेश के दौरान मजदूर लगभग 170 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कुदारी निवासी भगत कुमार मरावी (42 वर्ष) खदान क्षेत्र में गया हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वह खदान की गहराई में उतरने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह सीधे गहरी खाई में जा गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया खदान में गिरने से मजदूर की मृत्यु हुई है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर खदान क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता होती, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था।
