*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* बस्तर ज़िला बैडमिंटन संघ द्वारा आयोजित संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ 6 फरवरी को होगा। प्रियदर्शिनी स्टेडियम स्थित इनडोर बैडमिंटन हॉल में आयोजित हो रही बैडमिंटन प्रतियोगिता में बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, कोंडागांव, नारायणपुर और कांकेर जिलों के 300 से भी ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
6 फरवरी से प्रारंभ हो रहे तीन दिवसीय प्रतियोगिता के तहत वूमेन्स, गर्ल्स, जूनियर्स, ओपन वर्ग में मैच खेले जाएंगे। ओपन वर्ग में पुरुष प्रतिभागी एकल एवं युगल प्रतियोगिता में शामिल हो सकेंगे जबकि महिलाएं ओपन सिंगल्स में भाग लेंगी। बॉयज जूनियर खिलाड़ी अंडर-11, अंडर-15 एवं अंडर-19 वर्ग में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। जूनियर गर्ल्स वर्ग में अंडर-11 और अंडर-17 आयु वर्ग की खिलाड़ी सिर्फ एकल प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगी। 40 प्लस आयु वर्ग में केवल डबल्स मुकाबले होंगे और इस बार मिश्रित युगल खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। बस्तर जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष संजय विश्वकर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत सभी मैच माविस-350 योनेक्स शटल कॉक से खेले जाएंगे। सचिव राजेश त्रिपाठी ने बताया कि जिले के बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए आयोजन समिति की ओर से नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाएगी।
