रायपुर, 04 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूल शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लिया है। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग को 5000 शिक्षकीय पदों पर नई भर्ती की स्वीकृति मिल गई है। इस निर्णय से प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होने की उम्मीद है।
विभागीय आदेश के तहत पहले ही 4708 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की अनुमति दी जा चुकी थी। अब विभाग के प्रस्ताव पर 292 सहायक शिक्षकों के नए पदों का सृजन करते हुए उन पर भी भर्ती की मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही कुल स्वीकृत शिक्षकीय पदों की संख्या बढ़कर 5000 हो गई है।
इस भर्ती प्रक्रिया को वित्त विभाग की सहमति के बाद हरी झंडी मिली है। सरकार के इस फैसले से न केवल स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिलेगा। साथ ही शिक्षण क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
