रायपुर, 04 फरवरी (दुर्ग-भिलाई अपडेट)।
राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ में शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत प्रदेश की 62 शालाओं के लिए नए स्कूल भवनों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा कुल 7 करोड़ 22 लाख 56 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस राशि में 30 पूर्व माध्यमिक शालाओं के लिए 3.55 करोड़ रुपये एवं 32 प्राथमिक शालाओं के लिए 3.67 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रत्येक पूर्व माध्यमिक शाला भवन के लिए लगभग 11.84 लाख रुपये, जबकि प्रत्येक प्राथमिक शाला भवन के लिए 11.48 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
नए भवन निर्माण की सूची में जशपुर, कोण्डागांव, बीजापुर, बस्तर, कांकेर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, गरियाबंद, बलरामपुर, रायगढ़ सहित कई जिलों की शालाएं शामिल हैं। विशेष रूप से अनुसूचित जनजाति बहुल और दूरस्थ अंचलों की शालाओं को इस योजना में प्राथमिकता दी गई है।
शासन ने स्पष्ट किया है कि भूमि आबंटन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निविदा जारी की जाएगी और निर्माण कार्यों की निगरानी के साथ व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
इन नवीन स्कूल भवनों के निर्माण से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा, जिससे प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता को नई मजबूती मिलेगी।
