कोरबा, 04 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। उरगा थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध से जुड़ा एक मामला हिंसक मोड़ ले बैठा, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर निवासी युवक और युवती मंगलवार रात से लापता थे। दोनों भारतमाला रोड के रास्ते कोरबा पहुंचे थे। देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे सन्डैल नाला के पास पुल के नीचे दोनों खून से सने हुए हालत में मिले।
घटना के बाद घायल युवती ने साहस का परिचय देते हुए आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल किया और अपने परिजनों को वीडियो कॉल के माध्यम से स्थान की जानकारी दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मृतक युवक की पहचान शुभम नायडू (28 वर्ष), निवासी बिलासपुर के रूप में हुई है, जो विवाहित बताया जा रहा है। वहीं घायल युवती (22 वर्ष) भी बिलासपुर की रहने वाली है। घटना की सूचना पर उरगा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। युवती के बयान के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सटीक जानकारी सामने आ सकेगी। दोनों पक्षों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
