गरियाबंद, 04 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक अंतर्गत शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम गरीबा में आपसी रंजिश ने खौफनाक रूप ले लिया। यहां दो महिलाओं ने मिलकर अपनी ही सहेली की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
मृतका की पहचान सुमित्रा नेताम (37) के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों महिलाओं के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था। आरोप है कि मृतका द्वारा गांव में दोनों महिलाओं को लेकर लगाए जा रहे आरोपों से उनकी सामाजिक छवि प्रभावित हो रही थी, जिससे नाराज होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपी महिलाएं सुगतिन नेताम (36) और ईतवारिन बाई (46) सुमित्रा के घर पहुंचीं। वहां आपसी विवाद के बाद मामला हिंसक हो गया और सुमित्रा पर गंभीर रूप से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी महिलाएं फरार होने का प्रयास कर रही थीं, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया। क्षेत्र नक्सल प्रभावित होने के कारण पुलिस ने पूरे मामले में सतर्कता बरती और मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच की।
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
