रायगढ़, 04 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट) — जिले में सट्टा और जुआ गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में चल रहे विशेष अभियान के तहत जूटमिल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध सट्टा एवं शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम अमलीभौना इंदिरा आवास में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने सट्टा पट्टी लिखते हुए महिला रूपा लहरे पति राजू लहरे, उम्र 38 वर्ष, निवासी अमलीभौना इंदिरा आवास को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी महिला ने 5 प्रतिशत कमीशन पर कागज में सट्टा लिखने और मोबाइल के जरिए व्हाट्सएप पर ऑनलाइन रकम का दांव लगवाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी लिखा कागज, रियलमी कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल, सट्टा में प्रयुक्त 37,500 रुपये नगद तथा एक चालू डॉट पेन जब्त किया है।
इस मामले में थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 36/2025 धारा 06(ए), 7 छत्तीसगढ़ जुआ निषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर के साथ प्रधान आरक्षक क्लोस्टिका खरे, शिव वर्मा तथा आरक्षक धनेश्वर उरांव, शशिभूषण साहू और जितेश्वर चौहान की अहम भूमिका रही।
