बिलासपुर, 4 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)
बिलासपुर जिले के बिल्हा क्षेत्र में अंधविश्वास को हथियार बनाकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। तंत्र-मंत्र और कथित चमत्कार के जरिए “पैसों की वर्षा” कराने का लालच देकर यह गिरोह लंबे समय से लोगों को जाल में फंसा रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड विजय राज था, जो खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताकर लोगों को ज्यादा पैसा मिलने का सपना दिखाता था। वह पीड़ितों को अपने साथियों के पास भेजता, जो स्वयं को पंडित बताकर सुनसान इलाकों में पूजा-पाठ और तांत्रिक क्रियाओं का नाटक करते थे। गिरोह दावा करता था कि ढाई लाख रुपये चढ़ाने पर ढाई करोड़ रुपये का चमत्कार होगा।
गिरोह में शामिल महिलाएं भावनात्मक बातचीत कर पीड़ितों का विश्वास जीतने में अहम भूमिका निभाती थीं। पैसे मिलने के बाद आरोपी किसी बहाने से चमत्कार के लिए समय मांगते और फिर मौके से फरार हो जाते थे।
मामले की शिकायत मिलने पर बिल्हा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो पुरुष और तीन महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि यह गिरोह आसपास के जिलों में भी सक्रिय था और कई लोगों को ठगी का शिकार बना चुका है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे पैसों को दोगुना-तिगुना करने या चमत्कार के नाम पर ठगी करने वालों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
