बिलासपुर | 2 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)
शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां प्रेम प्रसंग के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गौरी गणेश कॉलोनी, मंगला में एक युवती ने अपने प्रेमी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय कामता प्रसाद मधुकर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम कर्रा, खूंटाघाट का निवासी था। वह वर्तमान में मंगला क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर बिलासपुर के एक होटल में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार मृतक, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी युवती रौशनी सूर्यवंशी (22 वर्ष) निवासी झलमला, थाना सीपत की रहने वाली है। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। बीते कुछ दिनों से युवक द्वारा युवती को मोबाइल पर ब्लॉक कर दिए जाने से वह नाराज थी।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे युवती युवक के कमरे पर पहुंची, जहां दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर युवती ने चाकू से युवक पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे को सील कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
