बिलासपुर, 4 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)
शहर और जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने अब आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। इसी क्रम में ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी बढ़ाई गई, जिसका असर देर रात सिरगिट्टी क्षेत्र में देखने को मिला।
ड्रोन से मिली लाइव जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने चिन्हित स्थानों पर अचानक दबिश दी, जहां 10 युवक नशा करते हुए पाए गए। पुलिस ने सभी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए युवकों को सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक कराई और आगे से नशे से दूर रहने की कड़ी हिदायत दी।
इसके साथ ही पुलिस ने युवकों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई भी की। वहीं, इलाके में संदिग्ध रूप से घूम रहे कुछ अन्य लोगों को समझाइश देकर छोड़ दिया गया।
इस अप्रत्याशित कार्रवाई से नशा करने वालों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और नशे पर रोक लगेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ड्रोन सहित अन्य आधुनिक तकनीकों के माध्यम से असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
