जगदलपुर, 04 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए बस्तर पुलिस ने मंगलवार देर रात एक विशेष गुप्त अभियान चलाया। इस कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया, ताकि असामाजिक तत्वों पर अचानक प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली और बोधघाट पुलिस की संयुक्त टीम ने ब्लैक पैंथर दस्ते के साथ शहर की आउटर कॉलोनियों में देर रात से अल सुबह तक सघन पेट्रोलिंग की। अभियान में 8 मोटरसाइकिलों पर सवार 16 जवानों ने विभिन्न इलाकों में निगरानी और जांच की।
पुलिस टीम ने स्कूल–कॉलेज परिसरों, मैदानों, संकरी गलियों और प्रमुख चौक–चौराहों पर विशेष नजर रखी। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों पर भी नियमानुसार केस दर्ज किया गया।
अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगी दोपहिया वाहनों की जांच कर नियम उल्लंघन करने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि नशाखोरी, आपराधिक गतिविधियों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
