कोंडागांव, 03 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट): जिले में मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह को कोण्डागांव पुलिस ने गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश में लगातार आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
डीएसपी नरेंद्र पुजारी ने बताया कि दो दिन पहले रामकुमार राय ने ग्राम भोगापाल, थाना उरन्दाबेडा के जियो टॉवर से 72 बैटरियों की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर थाना उरन्दाबेडा में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने जांच के दौरान सायबर सेल की मदद से इलाके के टावर डेटा और पिछले मामलों का अध्ययन किया। जानकारी मिली कि जियो कंपनी के टेक्निशियन राघवेन्द्र साहू को घटना के समय इलाके में देखा गया। पूछताछ में राघवेन्द्र ने चोरी की स्वीकारोक्ति की और बताया कि उन्होंने कृष्ण साहू के साथ मिलकर कई टावरों से बैटरियां चोरी की थीं। चोरी की बैटरियां समर मोहम्मद और आबिद मलिक के माध्यम से बाजार में बेची गईं।
जांच में पता चला कि 72 बैटरियों में से 48 बैटरियां स्क्रैप कर दी गई और शेष 24 बैटरियां बरामद हुईं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल वाहन स्कार्पियो और नकदी भी जब्त की गई। कुल जुमला संपत्ति लगभग 13 लाख 22 हजार रुपए की है।
पकड़े गए आरोपी:
राघवेन्द्र कुमार साहू, 33 वर्ष, भखारा, धमतरी
कृष्णा कुमार साहू, भाखरा
समर मोहम्मद मालिक, 37 वर्ष, मेरठ
आबिद मलिक, 23 वर्ष, राजनांदगांव
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
