रायपुर, 03 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
राजधानी रायपुर के नवा रायपुर इलाके में मंगलवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवा रायपुर स्थित निर्माणाधीन फिल्म सिटी ग्राउंड में स्थानीय ग्रामीणों ने एक युवक का शव पड़ा हुआ देखा। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद तत्काल अभनपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय भूपेंद्र पटेल के रूप में हुई है।
घटनास्थल की बारीकी से जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हत्या, दुर्घटना सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
