रायपुर, 03 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
राजधानी रायपुर में ई-रिक्शा वाहन एवं बैटरी चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा डीडी नगर और आज़ाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक संगठित चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय आरोपियों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो ई-रिक्शा वाहन, 40 नग ई-रिक्शा बैटरियाँ और दो दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के डीसीपी वेस्ट जोन के निर्देश पर की गई।
डीडी नगर थाना क्षेत्र से ई-रिक्शा चोरी का खुलासा
डीडी नगर थाना क्षेत्र के सरोना इलाके से ई-रिक्शा चोरी की शिकायत मिलने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी टीकाराम यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घूमकर ई-रिक्शा से बैटरियाँ चोरी करता था और चोरी की बैटरियाँ पुरानी बस्ती निवासी राहुल पाल को बेच देता था। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एक ई-रिक्शा, 16 बैटरियाँ और दो दोपहिया वाहन जब्त किए।
आज़ाद चौक थाना क्षेत्र में बैटरी चोरी गिरोह पर कार्रवाई
आज़ाद चौक थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से बैटरियाँ चोरी होने के एक अन्य मामले में पुलिस ने रमजान खान और अकरम खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने चोरी की बैटरियाँ मौदहापारा निवासी कफिल खान को बेचने की बात कबूली। पुलिस ने कफिल खान को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 अतिरिक्त बैटरियाँ, एक ई-रिक्शा वाहन और चोरी की चार बैटरियाँ बरामद कीं।
कुल जब्ती
दोनों मामलों को मिलाकर पुलिस ने
02 ई-रिक्शा वाहन, 40 बैटरियाँ और 02 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।
सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत विधिवत कार्रवाई की जा रही है।
