धमतरी, 03 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड अंतर्गत ग्राम बगदेही निवासी जयंत कुमार ध्रुव ने अद्भुत साहस और मानवता का परिचय देकर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। रविवार को एक भीषण हादसे के दौरान उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना कुएं में कूदकर 7 लोगों की जान बचाई, जिनमें मासूम बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे।
इस असाधारण साहसिक कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी के सभाकक्ष में एसपी सूरज सिंह परिहार द्वारा जयंत ध्रुव को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने उनके अदम्य साहस, त्वरित निर्णय क्षमता और मानवीय संवेदना की सराहना करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दरअसल, ग्राम बगदेही में एक ऑटो चालक की लापरवाही के कारण बुजुर्गों और छोटे बच्चों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर गहरे कुएं में जा गिरा था। ऑटो में चालक समेत कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें 3–4 वर्ष के मासूम बच्चे भी शामिल थे।
हादसे को देखते ही गांव के सरपंच पति जयंत ध्रुव ने बिना एक पल गंवाए कुएं में छलांग लगा दी और डूब रहे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी तत्परता और साहस के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और सातों लोगों की जान बच सकी।
धमतरी पुलिस ने कहा कि ऐसे साहसी नागरिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और पुलिस द्वारा समाजहित में कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित कर सकारात्मक संदेश देने का यह प्रयास लगातार जारी रहेगा।
