*अर्जुन झा*
बस्तर : राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत एव राज्य पीसीआई इंडिया के स्टेट मैनेजर मुमताज़ अंसारी एवं असिस्टेंट स्टेट मैनेजर रोहित कुमार तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय बसाक के मार्गदर्शन में
ग्राम पचांयत चेराकुर में फाइलेरिया (हाथीपांव) रोग की रोकथाम एवं उन्मूलन हेतु व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को फाइलेरिया रोग के कारण, बचाव एवं दवा सेवन के महत्व की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत हाई स्कूल एवं मिडिल स्कूल में स्कूली बच्चों द्वारा जन जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें शिक्षकों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को वीडियो के माध्यम से फाइलेरिया से बचाव एवं सामूहिक दवा सेवन की जानकारी दी गई तथा दवा नियमित रूप से सेवन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके पश्चात उप-स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य विभाग के मितानिन दीदियों एवं एमटी के साथ बैठक आयोजित कर फाइलेरिया उन्मूलन, दवा वितरण की प्रक्रिया एवं जनभागीदारी को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा ग्राम में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को फाइलेरिया दवा सेवन, स्वच्छता एवं मच्छरजनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम से ग्रामीणों में फाइलेरिया रोग के प्रति समझ बढ़ी और दवा सेवन को लेकर सकारात्मक संदेश दिया गया।
